सीतापुर। शहर स्थित सरोजनी वाटिका में जिलाधिकारी ने शुक्रवार को संदेश वॉल का उद्घाटन किया। इसपर मतदान अपील लिखकर जिलाधिकारी ने लोगाें को मतदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मतदान करना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसमें बढ़-चढ़कर शामिल होना चाहिए। उन्होंने संदेश वाल फ्लैक्स पर संदेश अंकित कर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया।
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने लोकसभा चुनाव हेल्पडेस्क पर पहुंचकर जानकारी ली। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वहां पर उपस्थित सभी लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य स्कूलों के बच्चों से जिलाधिकारी ने कहा कि वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए अपने अभिभावकों को प्रेरित करें। कहा कि वोट डालने के लिए सभी को प्रेरित करें ताकि जनपद में शतप्रतिशत मतदान हो।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए 18 वर्ष व उससे अधिक उम्र के प्रत्येक नागरिक को मतदान करना होगा। तभी एक मजबूत लोकतंत्र बनेगा। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा हेल्पडेस्क की व्यवस्था व ईवीएम के प्रति जागरूकता से संबंधित कांउटर लगाया गया। इस अवसर पर सीडीओ निधि बसंल, एसडीएम ज्ञानेंद्र द्विवेदी, बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।