महोली (सीतापुर)। कस्बे के भट्ठा मोहल्ले में शुक्रवार भोर अचानक कई घरों में हाईवोल्टेज आ गया। इससे घरों में लगे 50 से अधिक उपकरण फुंक गए। लोगों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की। 15 घंटे बाद भी लोगों को परेशानी से निजात नहीं मिल सकी। पूरे दिन लोगों को बिजली, पानी के संकट से जूझना पड़ा।
भट्ठा मोहल्ले में घरों में लगे एलईडी बल्व, टीवी, सबमर्सिबल, साउंड सिस्टम, हीटर-ब्लोअर आदि फुंकने की आवाजें आने लगीं। मोहल्ले के कमलेश शुक्ला ने बताया कि हाईवोल्टेज के चलते उनका बैटरी चार्जर खराब हो गया। एलईडी बल्ब भी फुंक गए। सुधीर मिश्रा ने बताया कि सुबह करीब चार बजे जैसे ही उन्होंने बल्ब जलाया, तेज आवाज के साथ वह दग गया। उनका साउंड सिस्टम भी खराब हो गया। बंटी मिश्रा ने बताया कि हाईवोल्टेज के कारण उन्होंने पूरे दिन मेन सप्लाई ऑफ कर दी और इनवर्टर से काम चलाया।
शिखर ने बताया कि हाईवोल्टेज के चलते उनके घर के सभी एलईडी बल्ब फुंक गए, हीटर-ब्लोअर भी खराब हो गया। मोहल्ले में 50 से अधिक विद्युत उपकरण खराब हो गए। लोगों ने बताया कि इस समस्या के कारण पेयजल की दिक्कत रही।
कोट
हड़ताल के चलते अधिकतर कर्मचारी काम पर नहीं थे। इस वजह से समस्या रही। फाॅल्ट ठीक करा दिया जाएगा।
- ज्ञानेश कुमार, एसडीओ महोली