पंचायत चुनाव में तीसरे चरण के नामांकन के पहले दिन आचार संहिता पर सत्ता पक्ष का रुतबा भारी दिखा। सपा विधायक रामपाल यादव अपने बेटे जितेंद्र व पत्नी शांति का लाव-लश्कर के साथ नामांकन करने पहुंचे।
विधायक की अगुवाई में सपा दफ्तर से जुलूस की शक्ल में सैकड़ों समर्थकों का हुजूम नामांकन स्थल तक पहुंचा। इस दौरान प्रशासन व पुलिस के अफसर मूकदर्शक बने रहे।
मंगलवार को तीसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। सत्तारूढ़ दल के बिसवां विधायक रामपाल यादव की पत्नी शांति यादव वार्ड नंबर-63 और बेटा जितेंद्र यादव वार्ड नंबर-74 से डीडीसी के उम्मीदवार हैं।
इनके अलावा सपा जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी के भाई फिरोज कौसर भी वार्ड 61 से जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ रहे हैं। दोपहर करीब एक बजे बिसवां विधायक रामपाल यादव व सपा जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी भारी हुजूम के साथ सदर तहसील स्थित नामांकन स्थल पहुंचे।
यह लोग आंख अस्पताल मार्ग पर स्थित सपा के जिला पार्टी कार्यालय से जुलूस की शक्ल में सदर तहसील आए। इस जुलूस में सपा के तमाम कद्दावर नेता शामिल थे। सरकार के इन नुमाइंदों में आचार संहिता के पालन की जरा भी फिक्र नहीं थी।
उधर, कायदे-कानून का पालन कराने वाले अफसर भी मूकदर्शक बन रहे। यह वही अफसर हैं, जो अभी तक प्रत्याशी व प्रस्तावक के अलावा उनके अधिवक्ता को भी नामांकन स्थल के अंदर प्रवेश करने नहीं दे रहे थे, लेकिन आज मानों सारे नियम उलट गए थे।
विधायक न सिर्फ लाव-लश्कर के साथ पहुंचे बल्कि परचा भरवाने नामांकन स्थल के अंदर भी डटे रहे।
समर्थकों की भीड़ से बाधित रहा ट्रैफिक
सीतापुर। मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों व समर्थकों की भीड़ से शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
पुलिस व प्रशासन ने यातायात दुरुस्त रखने को लेकर काफी बंदोबस्त किए थे, लेकिन ये सारे बंदोबस्त धरे रह गए। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें व भीड़ ने लोगों को परेशान किया।
शहर के लालबाग चौराहे पर पुलिस ने कलेक्ट्रेट रोड की तरफ चौपहिया वाहनों को रोकने के लिए बैरीकेडिंग लगाई है। ठीक इसी तरह से प्रेम नगर मार्ग, एसपी ऑफिस के बगल की सड़क पर भी बैरीकेडिंग लगी है।
मंगलवार को नामांकन जुलूस में सत्ता पक्ष के झंडे लगे चौपहिया वाहन यातायात व्यवस्था को दरकिनार करते नजर आए। ये वाहन बैरीकेडिंग लगी होने के बावजूद आगे बढ़ते रहे। जिसकी वजह से कलेक्ट्रेट कचहरी में भी वाहनों का प्रवेश होता रहा।
इसके अलावा लालबाग से आंख अस्पताल जाने वाले मार्ग, प्रेम नगर मार्ग पर वाहनों का काफिला दिखा। प्रत्याशियों के साथ समर्थकों की भीड़ इस कदर उमड़ी कि यातायात व्यवस्था चरमरा सी गई। लालबाग चौराहे पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही।