लहरपुर में बुधवार दोपहर एक माइनर कट गई। इससे माइनर का पानी खेतों में भर गया। करीब 200 बीघा खेत पानी से लबालब हो गए।
खेतों में फसल न होने से किसानों को कोई नुकसान नहीं हुआ। सिंचाई विभ्ााग के इंजीनियर माइनर को दुरुस्त कराने में जुटे थे लेकिन देर शाम तक राहत नहीं मिल सकी थी।
मोहिद्दीनपुर के निकट बुधवार को अचानक माइनर कट गई। पानी की धार फूटकर खेतों में बहने लगी। माइनर की करीब 12 फीट पटरी कटकर बह गई।
इससे देर शाम तक करीब 200 बीघा खेतों में पहुंच चुका था। निकट गांव के राम आसरे, रामभजन, रामकुमार, मंगली आदि ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों खेत खाली हैं, खेतों में कोई फसल नहीं है।
इस वजह से कोई नुकसान नहीं होने पाया है। पानी आ जाने से जोताई का समय पिछड़ रहा है। किसानों ने बताया कि बहाव तेज होने से खेतों को सूखने में काफी समय लग जाएगा। इससे जोताई प्रभावित हो सकती है।
सिंचाई विभाग के जेई मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि माइनर की मरम्मत का काम किया जा रहा है, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज है कि काम गति नहीं पकड़ पा रहा है। गुरुवार सुबह तक कटान को दुरुस्त कर लिया जाएगा।