सीतापुर। जिले की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंसूबा जल्द ही पूरा होगा। इसकी पहल करते हुए जिलाधिकारी डॉ राजा गणपति आर ने शुरू करते हुए हर ब्लॉक में एक मिनी स्टेडियम बनवाने की कवायद शुरू की है। खेल मैदान बनने से ग्रामीण इलाकों की खेल प्रतिभाएं अब मैदान के अभाव में अपनी प्रतिभा को निखारने की परेशानी से नहीं जूझेंगी।
डीएम की पहल पर सभी 19 ब्लॉकों में एक-एक मिनी स्टेडियम बनवाया जाएगा। इनमें से सत्रह ब्लाॅकों में स्टेडियम निर्माण के लिए ग्राम पंचायतों का चयन भी किया जा चुका है। वहीं, बेहटा व बिसवां में मिनी स्टेडियम के लिए ग्राम पंचायत के चयन की प्रक्रिया जारी है। डीएम डॉ राजा गणपति आर ने बताया कि युवाओं के लिए यह मिनी स्टेडियम अपना हुनर निखारने का बेहतर प्लेटफार्म साबित होगा। इन मिनी स्टेडियमों का निर्माण क्षेत्रनिधि, मनरेगा, ग्राम निधि व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से कराया जाएगा।
डीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मिनी स्टेडियम बनने के बाद युवा खिलाड़ी खुलकर अपनी खेल क्षमता व प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में जीत का परचम लहरा सकेंगे। उन्हाेंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के पलायन रोकने व उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं को भी मिनी स्टेडियम उपलब्ध कराया जाएगा।
इन स्टेडियम के विकसित होने से ब्लॉक स्तर पर भी कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू हो सकेगा। साथ ही सेना में भर्ती के साथ ही अन्य प्रतियोगिताओं के चयन की तैयारियों में भी युवाओं को इसका फायदा मिलेंगा।