सीतापुर। जिले भर के उपभोक्ता अपनी बिजली समस्या आसानी से दूर करवा सकेंगे। 17, 18 व 19 जुलाई को विद्युत वितरण खंडवार मेगा शिविर लगाए जाएंगे। इसमें अधिशासी अभियंता से लेकर अवर अभियंता तक मौजूद रहेंगे।
अधीक्षण अभियंता रामशब्द ने बताया कि विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय, बिसवां व महमूदाबाद के परिसर में तीन दिवसीय मेगा शिविर का आयोजन होने जा रहा है। इसमें नए संयोजन, भार वृद्धि, खराब मीटर, बिल संशोधन, विधा परिवर्तन, बिल जमा आदि की शिकायतों का निस्तारण आसानी से करवाया जा सकेगा। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक शिकायत का पंजीकरण 1912 हेल्प डेस्क पर सुनिश्चित किया जाएगा। शिकायतकर्ता का सही विवरण अंकित किया जाएगा। उपभोक्ता मेगा शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत 1912 हेल्पडेस्क पर सीधे अंकित करा सकेंगे। शिविर में मौके पर ही 1912 की शिकायत की रसीद उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाएगी। एक सप्ताह के अंदर शिकायतों का निस्तारण करके उपभोक्ताओं को जानकारी दी जाएगी।