कमलापुर (सीतापुर)। प्रेरक संघ ने बकाया मानदेय व संविदा बहाली की मांग को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री से मुलाकात की। उसके बाद कैबिनेट मंत्री को ज्ञापन देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने प्रेरकों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रेरक संघ के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव से दिल्ली मंत्रालय में कराई। राज्यमंत्री कौशल किशोर ने बताया साक्षर भारत मिशन 2012 के तहत संपूर्ण भारत में विभिन्न प्रदेशों के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर प्रेरक का पद साक्षरता के प्रचार प्रसार के लिए संविदा पर रखा गया था। प्रेरक का कार्य 15 वर्ष ऊपर के आयु के सदस्यों को साक्षर करना था। बीएलओ पल्स पोलियो में जिम्मेदारी से कार्य किया है। प्रेरक संघ अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ने प्रेरकों की वर्तमान दयनीय स्थिति से अवगत कराते हुए केंद्रीय मंत्री से 40 माह का शेष मानदेय एकमुश्त भुगतान कराने के साथ प्रेरकों की संविदा बहाली की मांग की। प्रेरकों द्वारा समाज हित में किए गए कार्यों की एक फाइल ज्ञापन के साथ सौंपी। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रेरकों द्वारा किए गए कार्य की सराहना की।
कौशल किशोर ने बताया कि अगले सप्ताह पर्यटन मंत्री भूपेंद्र यादव मानव संसाधन विकास मंत्री से साक्षर भारत मिशन योजना को लेकर मीटिंग करेंगे। प्रतिनिधि मंडल में जिला महासचिव संजय कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष जयकरन राजवंशी, ब्लॉक अध्यक्ष इसराइल खान, वरिष्ठ सदस्य राजेश कुमार उपस्थित रहे। संवाद