सीतापुर। रेउसा सीएचसी में प्रसूताओं को समय से एंबुलेंस व इलाज नहीं मिल पा रहा है। मंगलवार को एक प्रसूता काफी देर तक एंबुलेंस का इंतजार करती रही, जब एंबुलेंस नहीं मिली तो परिजन प्राइवेट वाहन से उसे जिला महिला चिकित्सालय ले गए। परिजनों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की है।
कस्बा रेउसा में बिसवां रोड के पश्चिम दिशा में स्थित बाजपेई नगर निवासी बृजेंद्र गुप्ता की गर्भवती पत्नी सोनाली को पेट दर्द की शिकायत होने पर मंगलवार सुबह सीएचसी रेउसा लाया गया था। जहां सोनाली की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। इस पर बृजेंद्र ने एंबुलेंस सेवा को फोन किया।
करीब तीन घंटे बीत गये मगर एंबुलेंस नहीं पहुंची। जबकि ड्राइवर बराबर जल्द आने की बात कह रहा था। वहीं, सीएचसी में भी कई एंबुलेंस खड़ी थीं। बृजेंद्र उन एंबुलेंस के पास गए तो ड्राइवर ने बताया ये सब एंबुलेंस खराबी के चलते खड़ी हैं।
जब एंबुलेंस नहीं आई और सोनाली की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन प्राइवेट वाहन से उसे जिला महिला चिकित्सालय ले गये। इस पर बृजेंद्र ने उच्चाधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है।
रेउसा सीएचसी प्रभारी डॉ. अनंत मिश्र का कहना है कि एंबुलेेंस की जिम्मेदारी हमारी नहीं है। ये सीधे फोन के जरिए लखनऊ से कंट्रोल होती है। फिर भी शिकायत मिलने पर पूरा मामला दिखवाया जाएगा।