सीतापुर। जिले में गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने के लिए संचालित मातृ सुरक्षा केंद्रों की अब सीएमओ कार्यालय से नियमित तौर पर निगरानी होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्था को प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले के प्रत्येक सीएचसी पर गर्भवती महिलाओं की देखभाल के लिए मातृ सुरक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
इन केंद्रों का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को प्रसव से पहले, प्रसव के दौरान और प्रसव के बाद बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच, आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श मिल सके।
सीएमओ ने सभी मातृ सुरक्षा केंद्रों का 24 घंटे संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे किसी भी समय पहुंचने वाली गर्भवती महिला को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े। सीएमओ कार्यालय से प्रतिदिन इन केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी।
इस दौरान केंद्रों के संचालन, स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता और गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या कमी सामने आने पर संबंधित सीएचसी अधीक्षक से जवाबदेही तय होगी। जिम्मेदारों का मानना है कि नियमित निगरानी से मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा।
सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर ने बताया कि मातृ सुरक्षा केंद्रों के जरिये गर्भवती महिलाओं को बेहतर इलाज दिए जाने का प्रयास हो रहा है। रोजाना इन केंद्रों की मॉनिटरिंग होगी। वहीं, इसके लिए एक टीम बनाई गई है। यह टीम इन सभी केंद्रों की रिपोर्ट लेकर कार्यों की समीक्षा करेंगी।