सदरपुर के पिपराखुर्द (अनंत सिंह) गांव में बुधवार देर रात एक सांड़ ने वृद्ध को पटककर मार डाला। वह घर के बाहर लघुशंका कर रहा था। घायल हालत में परिवारीजन निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद घर पर उसने दम तोड़ दिया।
पिपराखुर्द निवासी सहाबुद्दीन (70) बुधवार देर रात घर के बाहर लघुशंका कर रहा था। इसी बीच उधर से गुजर रहे सांड़ ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। शोर सुनकर जब तक घर व पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचते सांड़ ने उसे सींग में फंसाकर कई बार पटक दिया।
गंभीर हालत में परिवारीजन उसे लेकर निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे लेकिन कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के मुताबिक सांड़ करीब एक वर्ष से क्षेत्र के दर्जनों गांवों में आतंक मचा रहा है। यह कई लोगों को घायल कर चुका है।
इसकी सूचना एसडीएम बिसवां सहित वन क्षेत्राधिकारी व पशुपालन विभाग के अधिकारियों को दी गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। अब तक मवासेपुर निवासी सिया राम उर्फ ढोढ़े (40), अभिषेक (13), मोहन (11) समेत कई लोग घायल हो चुके हैं।