सीतापुर। विशेष समुदाय की महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में जेल में बंद बड़ी संगत का महंत बजरंग मुनिदास रविवार को 10 दिन बाद जेल की सलाखों से बाहर आया। जेल से बाहर आने के बाद महंत ने कहा कि धर्म के लिए मैं कतरा-कतरा कुर्बान करने के लिए तैयार हूं।
जेल से बाहर आने के बाद महंत ने कहा कि भगवा के लिए और धर्म के लिए हजारों बार जेल जाना पड़े तो मैं जाऊंगा। हजारों हमले झेलने पड़े तो तैयार हूं। यह भी कहा कि उन्हें कोई पश्चाताप अब नहीं है, क्योंकि जो सजा मिलनी थी वह मिल गई है। धर्म के लिए प्राण भी त्यागना पड़े तो मैं तैयार हूं। उस दिन मैंने अपनी महिलाओं की रक्षा के लिए कहा था और मैं आज फिर से कह रहा हूं कि धर्म के लिए कतरा-कतरा कट जाए तो मैं उसको कुर्बान करने के लिए तैयार हूं।
मालूम रहे कि खैराबाद स्थित बड़ी संगत के महंत बजरंग मुनि दास ने पिछले दिनों खैराबाद में निकाली जा रही शोभा यात्रा के दौरान विशेष समुदाय की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसका वीडियो कुछ दिनों बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने मामले को संज्ञान लेते हुए डीजीपी से एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट मांगी थी और कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की थी।
केस दर्ज होने के बाद महंत की गिरफ्तारी को लेकर विशेष समुदाय की महिलाओं ने हंगामा भी किया था। 13 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। महंत की गिरफ्तारी के बाद खैराबाद में हंगामा भी हुआ था, रिहाई को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। महंत बजरंग मुनिदास पिछले 10 दिनों से जेल में था। एक दिन पहले शनिवार को जमानत मंजूर होने के बाद रविवार को वह जेल से बाहर आया।