मदरसा परीक्षा में मंगलवार को कस्बे के आदर्श राम स्वरूप इंटर कॉलेज पर नकल करने से मना करने पर विद्यार्थी केंद्र व्यवस्थापक से भिड़ गए। मामला बढ़ता देख परीक्षा प्रभारी ने विद्यार्थियों को समझा बुझाकर परीक्षा कराई। इससे करीब आधा घंटा परीक्षा बाधित रही।
कॉलेज ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है। मदरसा परीक्षा के तहत मंगलवार को द्वितीय पाली में आलिम, अरबी एवं फारसी व कामिल की परीक्षा हो रही थी। परीक्षा शुरू होने के बाद कुछ परीक्षार्थी अपने निर्धारित कक्ष से निकल कर दूसरे कक्ष में जाने लगे। कक्ष निरीक्षक ने विद्यार्थियों को रोका तो उन्होंने एक न सुनी।
उसके बाद प्रधानाचार्य/ केंद्र व्यवस्थापक राम सिंह वर्मा ने विद्यार्थियों को फटकारा जिससे वे उग्र हो गए। उत्तर पुस्तिकाएं लेकर कमरो से बाहर निकल आए और नारेबाजी करने लगे। काफी देर तक हंगामा करने के बाद परीक्षा प्रभारी सत्येंद्र शुक्ल ने विद्यार्थियों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इससे करीब आधा घंटा परीक्षा बाधित रही। इसकी सूचना मिलने पर सदरपुर पुलिस पहुंची। केंद्र व्यवस्थापक ने इसकी जानकारी अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मकरंद प्रसाद ने डीआईओएस को दे दी है।