सीतापुर। मैडम! घरों के ऊपर से विद्युत लाइन निकली है। हर समय खतरा रहता है। किसान दिवस में राष्ट्रीय किसान मंच के प्रदेश प्रभारी मोहित मिश्र ने सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी से ये शिकायत की। सीडीओ ने समाधान का आश्वासन दिया। वह विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस पर किसानों की समस्याएं सुन रही थीं।
मोहित मिश्र ने मिश्रिख सब स्टेशन क्षेत्र की ग्राम पंचायत मरेली की समस्या बताई। इसी तरह कमलापुर क्षेत्र में आठ घंटे भी बिजली न मिलने की जानकारी किसान यूनियन के गौरव प्रताप सिंह ने दी। 24 शिकायतों में से अधिकांश विद्युत विभाग से संबंधित रहीं।
सकरन ब्लॉक के कोठार निवासी मुन्ना खां ने बताया कि नलकूप के लिए विद्युत कनेक्शन कराना था। इसके लिए जेई ने तीन माह तक दौड़ाया, फिर भी कनेक्शन का एस्टीमेट नहीं बनाया गया। आरोप है कि जब जेई को 30,000 रुपये दिए, इसके बाद एस्टीमेट बनाया गया। हरगांव क्षेत्र के सधुवापुर निवासी विनोद कुमार ने बताया कि खेत की पैमाइश के लिए जिम्मेदारों के कई बार चक्कर लगाए। शिकायती की। मगर पैमाइश नहीं हो सकी। किसानों की समस्याओं को सुनकर सीडीओ ने संबंधित विभागों के निर्देश दिए कि एक सप्ताह में समाधान कर इसकी रिपोर्ट शिकायतकर्ता के साथ उप निदेशक कृषि कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने कहा कि खाद लेने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराएं। कृषि रक्षा अधिकारी शिवशंकर ने बीते किसान दिवस की शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने खरीफ फसलों में लगने वाले रोग, कीट एवं खरपतवार के नियंत्रण के बारे में जानकारी दी। उप कृषि निदेशक डाॅ. एसके सिंह ने विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की किसानों को सलाह दी।