महोली। महसुनिया गंज मोड़ पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास मंगलवार सुबह फाल्ट ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े लाइनमैन की करंट से मौत हो गई। घटना से घरवालों में कोहराम मचा हुआ है।
पाल्हापुर निवासी लाइनमैन महेश (35) मंगलवार सुबह लाइन में फॉल्ट को सही कर रहे थे। शटडाउन लिया गया था। तभी अचानक वह करंट की चपेट में आ गए। वह झटके से खंभे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां पर चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से लखनऊ ले जाया गया, जहां ट्रॉमा सेंटर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
महेश विद्युत उपकेंद्र कैंबा में संविदाकर्मी लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। एसडीओ महोली संजय यादव ने बताया कि घटना की जांच कराई जाएगी।