नेरी (सीतापुर)। इलाके में मिले पगचिन्हों की जांच के बाद वन विभाग ने तेंदुए के होने की पुष्टि की है। गुरुवार को दिनभर कांबिंग के बाद भी तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला। वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए के जिले की सीमा से निकलकर लखीमपुर में प्रवेश कर जाने का दावा किया है।
महोली कोतवाली क्षेत्र के जहांसापुर अमिर्ता निवासी किसान धनेश ने गत बुधवार दोपहर बाद खेत में किसी जंगली जानवर के पगचिन्ह देखे थे। ग्रामीणों की सूचना पर गुरुवार को वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच के बाद कांबिंग की। तेंदुए का जिले की सीमा से बाहर जाने का वन विभाग ने दावा किया है।
युवक को पीटने के मामले में दो सिपाही निलंबित
सीतापुर/तंबौर। एक युवक की बेवजह पिटाई पर एसपी ने आरोपी दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ जांच शुरू करा दी है। तंबौर इलाके के डपकहा गांव निवासी विवेक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया था कि वह बीते दिन खेत जा रहा था।
रास्ते में कुछ लोग बैठे पर्चियां निकालने का खेल, खेल रहे थे। इसी बीच थाने के सिपाही पहुंचे तो पर्चियां खेल रहे युवक भाग निकले, लेकिन वहां मौजूद विवेक को सिपाहियों ने पकड़ कर पीटा। फिर थाने ले गए। वहां भी उसकी पिटाई की। शिकायत के आधार पर एसपी ने जांच करा कर दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस के मुताबिक तंबौर थाने में तैनात आरक्षी भूपेंद्र कुमार व वीरेंद्र यादव को निलंबित किया गया है। साथ ही दोनों की जांच भी कराई जा रही है।