लहरपुर (सीतापुर)। उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के तबादले सहित अन्य मांगों को लेकर तहसील परिसर में किया जा रहा अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को 17वें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने पैदल मार्च निकाला और भ्रष्टाचार के विरोध में की नारेबाजी।
11 सितंबर से बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ता तहसील परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। कोई प्रभावी कार्रवाई न होने से क्षुब्ध अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को तहसील परिसर से नगर के विभिन्न मार्गों पर पैदल मार्च निकाला। पैदल मार्च के बाद तहसील पहुंचकर अधिवक्ता धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। शुक्रवार को प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ अधिवक्ता जवाहरलाल मिश्रा ने किया।
अधिवक्ताओं के पैदल मार्च के समय पुलिस बल मौजूद रहा। प्रदर्शन में बालकृष्ण वर्मा, अध्यक्ष कमलेश वर्मा, महामंत्री कृपा शंकर पांडेय, सरोज अवस्थी, बूटा सिंह, जितेंद्र सिंह, आशीष गौड़, श्रीनिवास, जितेंद्र जायसवाल, प्रेमचंद, यूनुस खान, रवि प्रकाश वर्मा, सगीर अहमद, आनंद वर्मा, शिवम सिंह आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।
बार एसोसिएशन के महामंत्री कृपा शंकर पांडेय ने बताया कि एसडीएम व तहसीलदार का स्थानांतरण और तहसील के विभिन्न पटलों पर व्याप्त भ्रष्टाचार को जब तक समाप्त नहीं किया जाएगा, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।