लहरपुर। क्षेत्र में हरगांव मार्ग पर बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में साइकिल सवार आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हरगांव के चंद्रा मल्लापुर गांव निवासी अनूप (21) अपने ही गांव के गोंविद कुमार (30) के साथ साइकिल से मजदूरी करने एक ईंट भट्ठे पर गए थे। वहां से देर रात वापसी के दौरान कुल्ताजपुर गांव के पास रमुवापुर मोड़ पर उनकी साइकिल एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई।
हादसे में अनूप और गोंविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, वहां चिकित्सकों ने अनूप को मृत घोषित कर दिया। गोविंद की हालत गंभीर देखकर ट्रॉमा सेंटर ओयल रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक लहरपुर अरविंद सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ इस रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।