किसानों को जैविक खाद बनाने की जानकारी देती कृषि सखी । संवाद
सीतापुर। कृषि विभाग ने गो आधारित प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को जागरूक करने के लिए गांवों और कृषि सखियों का चयन किया गया है। संबंधित कृषि सखियां जैविक खेती का प्रचार प्रसार कर रही हैं। इसके तहत बिसवां ब्लॉक के पांच गांवों में कृषि सखियों ने किसानों को जागरूक किया।
राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन योजना से बिसवां ब्लॉक के 15 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो कृषि सखियों को किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है। जिससे यहां के चयनित 125 किसान बेहतर ढंग से प्राकृतिक खेती कर सकें।
इसी के तहत ब्लाॅक क्षेत्र के ग्राम जनुवा, मोचकला, भिनैनी, पुरैना और नियामतपुर में चयनित किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें जैविक खाद बनाने और इसके प्रयोग की विधि बताई गई।
कृषि सखी सीता देवी ने बताया कि खरीफ फसल की बोआई के पूर्व मिट्टी की जांच कराने के बाद मृदा स्वास्थ्य कार्ड की रिपोर्ट के अनुसार फसल का चयन करें। रासायनिक खादों का प्रयोग न करें। जैविक खाद बनाने की जानकारी दी। कृषि सखी आरती ने चयनित किसानों को प्राकृतिक खेती करने के फायदे बताए। कम लागत में अधिक उत्पादन कैसे किया जाए, इसे बताया गया।