सिधौली। इलाके के खैरंदेशनगर ग्रंट गांव में सोमवार भोर चार बजे एक मकान की कच्ची दीवार भरभरा कर ढह गई। दीवार पर रखा छप्पर भी मलबे के साथ नीचे आ गया। छप्पर के नीचे अपने नाना के साथ सो रही दो सगी बहनें मलबे के नीचे दब गईं। पुलिस ने तीनों को सीएचसी सिधौली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों सगी बहनों को मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी चांदनी (14), शिवांशी (12) और रामपाल (60) घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। मूसलाधार बारिश से घर की कच्ची दीवार ढह गई। इससे दोनों बहनों की जान चली गई। वहीं, रामपाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इंस्पेक्टर बलवंत शाही ने बताया कि सुबह करीब चार बजे घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू किया। एक ही परिवार की दो बच्चियों की मौत से परिजनों का रो रोकर बुराहाल है। रामपाल ने बताया कि दीवार काफी पुरानी हो गई थी। इसके चलते बारिश में गिर गई। परिजनों ने बताया कि चांदनी कक्षा 5 और शिवांशी कक्षा 3 में पढ़ती थी।