सीतापुर। विद्युत वितरण खंड महमूदाबाद के तहत ग्राम राजपुरा क्योटाना में एचटी लाइन की चपेट में आने से सोमवार को दो लोगों की मौत हो गई। इस पर अधीक्षण अभियंता ने मौके पर जाकर जांच की। बिजली विभाग की लापरवाही उजागर होने पर अवर अभियंता को निलंबित कर दिया। वहीं, अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा है।
मुख्य अभियंता आरके सिंह ने बताया कि घटना के बाद अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण सहित अन्य अफसरों को जांच के लिए भेजा गया था। जांच में उजागर हुआ कि गांव के कुछ लोग पिकअप में डीजे लगाकर जा रहे थे, जिसकी ऊंचाई लगभग 12 फीट थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप में लगे डीजे के ऊपर बैठे लोग एचटी लाइन के संपर्क में आ गए, जिनमें से दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। एचटी लाइन मुख्य रोड के समानांतर गुजर रही है। सड़क के किनारे खेतों में पोल 2006 से लगे हुए हैं, जिसका स्पैन लगभग 83 मीटर का है। खेत से एचटी लाइन की ऊंचाई लगभग 17 फीट है।
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य रोड से नवनिर्मित सड़क लगभग एक माह पूर्व बनी है। नवनिर्मित सड़क से एचटी लाइन की ऊंचाई लगभग 12 फीट है। रोड बनाते समय संबंधित विभाग ने बिजली विभाग को अवगत नहीं कराया था। प्रारंभिक जांच में अवर अभियंता वीरेंद्र की लापरवाही उजागर होने पर निलंबित कर दिया गया है।
अधिशासी अभियंता महमूदाबाद एसके वर्मा के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।