सीतापुर। कोतवाली क्षेत्र मिश्रिख में बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े असलहे के दम पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। स्कूटी से घर जा रही महिला के जेवर लूट लिए। शोर मचाने पर जुटी भीड़ ने एक बदमाश को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसपी आरपी सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और केस दर्ज कर वारदात का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
मिश्रिख थाना क्षेत्र के रामपुरग्रंट निवासी शिवम अपनी बहन रुपाली को विदा कराने के लिए अपने चाचा अभय कुमार के साथ उसकी ससुराल थाना संदना के गांव उत्तर थोक दतवल स्कूटी से गए थे। शुक्रवार को वहां से लौटते समय दोपहर लगभग 12 बजे ज्ञानसागर गांव स्थित पुलिया के पास पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद बदमाश असलहे की नोक पर रुपाली के जेवर छीनने लगे।
शोरगुल की आवाज पर ग्रामीण मौके पर आ गए। लोगों ने दौड़ते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। वहीं दो बदमाश कमर बिछुआ, मांग बेंदी, चेन व मंगलसूत्र छीनकर भागने में सफल रहे। लूटे हुए जेवरात की कीमत करीब डेढ़ लाख बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा गया। दिनदहाड़े हुई घटना से पुलिस बैकफुट पर आ गई।
आननफानन घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ की। लोगों ने पकड़े हुए बदमाश को उसकी बाइक के साथ पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंचे एसपी आरपी सिंह ने घटनास्थल पर जांच की और निर्देश दिया कि जल्द से जल्द वारदात का खुुलासा किया जाए।
पकड़े गये बदमाश की पहचान हरदोई निवासी युवक के रूप में हुई है। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने पहले कभी भी लूट की घटना को अंजाम नहीं दिया है। पकडेे़े गये युवक को जेल भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा अन्य दो बदमाशों की तलाश की जा रही है। टीमों का गठन कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
-एनपी सिंह, एएसपी साउथ