सीतापुर। सीतापुर जेल में बंद सपा नेता व सांसद आजम खां ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। वह जेल से ही चुनाव लड़ेंगे। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद उन्होंने जेल से ही पर्चा दाखिल करने के लिए नामांकन की प्रक्रिया को पूरा किया है। गुरुवार को रामपुर में उनका पर्चा दाखिल हो गया है।
सांसद आजम खां 27 फरवरी 2020 से सीतापुर की जेल में बंद हैं। उनके साथ उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटा अब्दुल्ला आजम भी बंद थे। लेकिन पत्नी और बेटा दोनों ही जेल से छूट कर जा चुके हैं। मौजूदा समय में सिर्फ आजम खां जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ रामपुर में 87 मामले दर्ज हैं। दो मामलों को छोड़कर सभी मामलों में जमानत मंजूर हो चुकी है।
ऐसे में आजम के भी जेल से छूटने की सुगबुगाहट हो रही है। वह जेल से कब बाहर आते हैं, अभी यह तय नहीं है, लेकिन इस बीच विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए समाजवादी पार्टी ने उन्हें रामपुर सदर सीट से टिकट दिया है। नामांकन की तारीख करीब आ गई है। ऐसे में जेल से ही नामांकन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आजम के वकील ने कोर्ट में याचिका दायर कर अनुमति मांगी थी।
जेलर आरएस यादव ने बताया कि कोर्ट ने जेल से नामांकन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अनुमति दे दी थी। इसके बाद रामपुर से रिटर्निंग ऑफिसर, प्रस्तावक और अधिवक्ता सीतापुर जेल आए थे। उन्होंने नामांकन दाखिल करने की होने वाली प्रक्रिया को पूरा कराया। हस्ताक्षर करवाया। इसके बाद दस्तावेज लेकर रामपुर चले गए हैं। जेलर ने बताया कि रामपुर में गुरुवार को आजम खां का नामांकन के लिए पर्चा दाखिल हो गया है।
आज आ सकता है परवाना
पत्नी और बेटे के बाद आजम खां की रिहाई को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ मामलों में पेच फंसा होने की वजह से रिहाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में कुछ मामलों में शुक्रवार को रामपुर कोर्ट से परवाना सीतापुर जेल आ सकता है। जेलर आरएस यादव ने बताया कि शुक्रवार को परवाना आने की उम्मीद है।