सीतापुर। जिला अस्पताल की सुविधाओं में अब और इजाफा होगा। मरीजों को अब जांच रिपोर्ट के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। मोबाइल पर ही उन्हें ऑनलाइन रिपोर्ट मिल सकेगी। आभा आईडी के जरिये यह रिपोर्ट दी जाएगी।
सीएमएस ने मैनपॉवर व संसाधनों के लिए शासन को पत्र लिखा था। सीएमओ ने जल्द मैनपॉवर देने की बात कही है। उम्मीद है कि दो सप्ताह में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। रोजाना जांच कराने वाले करीब 500 मरीजों को फायदा मिलेगा।
जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना तीन हजार मरीज आते हैं। इसमें करीब 500 मरीजों की रोजाना पैथोलॉजी से जांच करवाई जाती है। ये जांच रिपोर्ट लेने के लिए मरीजों को पैथोलॉजी जाना पड़ता है। अब इस रिपोर्ट को सीधे उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ही दिए जाने की प्लानिंग की गई है।
इसके लिए सबसे पहले आभा आईडी आधार कार्ड के जरिये बनाई जाएगी। इसके बाद जांच रिपोर्ट मोबाइल नंबर पर दी जाएगी। इसमें अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, सीटी स्कैन व खून की जांचें शामिल होंगी। सीएमएस ने सीएमओ को मैनपॉवर जल्द देने का आश्वासन दिया है।
आठ कंप्यूटर सेट व मैनपॉवर की है डिमांड
सीएमएस ने आठ कंप्यूटर सेट व इतने ही कर्मचारी मांगे थे। इसमें तीन लोगों को आभा आई बनाने पर लगाया जाएगा। इसके अलावा पांच कर्मचारियों को रिपोर्ट बनाने में लगाया जाएगा। यह संसाधन दो सप्ताह में मिलने की उम्मीद है।
जल्द मिलेगी सुविधा
जिला अस्पताल में मरीजों को जल्द ऑनलाइन रिपोर्ट देने की कवायद शुरू की जाएगी। संसाधन मिलते ही इसे चालू करवा दिया जाएगा।
डॉ. इंदर सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल