सीतापुर। जिले में बुधवार रात से शुरू हुई झमाझम बारिश ने जन जीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त कर दिया है। बारिश के साथ चल रही तेज हवा से काफी नुकसान हुआ है। महमूदाबाद में आंधी-पानी से पेड़ उखड़कर दीवार पर गिरने से मलबे के नीचे दबकर एक चार साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। उसका भाई और बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं हैं।
संदना में दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई। लगातार हो रही बारिश से लोगों की जिंदगी बेपटरी हो गई। बारिश के साथ आंधी चलने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। फसलें धराशायी हो गईं। सड़कों पर पेड़ गिरने, जलभराव होने से आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली के पोल और तार टूटने से शहर समेत जिले के कई हिस्सों में रात से लेकर पूरे दिन बिजली गायब रही। इससे लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। बारिश का असर रोजमर्रा के कामों पर पड़ा है। शहर की सड़कें सन्नाटें में रही और दुकानों में पूरे दिन ताले लटकते रहे।
बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम
महमूदाबाद (सीतापुर)। महमूदाबाद इलाके के नवाबपुर निवासी परागी लाल के घर के बाहर नीम का पेड़ लगा था। देर रात से हो रही बारिश की वजह से गुरुवार सुबह जमीन गीली हो गई। तेज आंधी चलने से पेड़ जड़ से उखड़ गया और परागी लाल की ईंट गारे से बनी दीवार पर गिर गया। इससे दीवार और उस पर रखा छप्पर गिर गया।
जिसके नीचे सो रही परागी की बेटी शिवानी (4), शुभम (8), नंदनी (6), शिवरानी (1) मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने परिजनों की मदद से काफी प्रयास कर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी की हालत गंभीर हो चुकी थी। सभी को महमूदाबाद सीएचसी लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य बच्चों का इलाज जारी है।
हादसे की सूचना पाकर तहसीलदार मनीष कुमार, कानूनगो संतोष कुमार, लेखपाल मौके पर पहुंचे। तहसीलदार मनीष कुमार ने बताया कि परिवारजन शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे है। पोस्टमार्टम कराने के बाद ही आर्थिक सहायता दी जा जाएगी। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। गांव में मातम पसरा है।
पोल गिरने से यातायात ठप
गोंदलामऊ। संदना थाना क्षेत्र के लौली में शुक्रवार सुबह कच्ची दीवार गिरने से मैना देवी पत्नी मोले सिंह घायल हो गई। संदना थाना क्षेत्र के बड़ी कुसौली में सड़क के किनारे लगा 11 हजार वोल्टेज का डबल विद्युत पोल बीच सड़क पर गिर गया, इससे यातायात प्रभावित हुआ। लोगों को आने जाने में काफी समस्या हुई। सूचना पाकर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पोल हटाने का प्रयास कर रही थी।
बिजली लाइन पर गिरा पेड़, बारिश में ढहा मकान
मिश्रिख संवाद के अनुसार, टिकरा में आंधी-पानी से पेड़ बिजली की लाइन पर गिर गया, इससे तार टूट गया और आपूर्ति ठप हो गई। जेई अमरीश कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पेड़ को हटवाकर जल्द ही आपूर्ति चालू करने की बात कही है। अटरिया संवाद के अनुसार इलाके के जमुनीपुर मजरा बिरसिंहपुर में बारिश की वजह से कच्चा मकान ढह गया, इससे घरेलू सामान का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ है।