घर के बाहर खेल रहा मासूम अचानक सामने कुत्ता आ जाने पर ठिठक गया। इसी बीच कुत्ते के भौंकने पर बचकर भाग रहे मासूम को सड़क से गुजर रहे ट्रक ने रौंद दिया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बालक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रेउसा में महमूदाबाद मार्ग पर दुर्गेश का मकान है। गुरुवार सुबह दुर्गेश का तीन साल का बेटा कृष्णा कांत घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वहां एक कुत्ता पहुुंच गया। कुत्ते के भौंकने पर मासूम डर के मारे भागने लगा।
इसी बीच बालक बगल से गुजर रहे एक ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। उधर, मासूम की मौत की खबर पाते ही वहां काफी तादात में ग्रामीण जमा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।