जिला अस्पताल के मरीजों को असुरक्षित भोजन दिया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कैंटीन से लिया गया दाल का नमूना अनसेफ मिला है। दाल में जीवित व मरे हुए कीड़े मकोड़े मिले है। इसकी पुष्टि राजकीय प्रयोगशाला की जांच में हुई है। इस पर कैंटीन संचालक को नोटिस जारी की जाएगी।
जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को कैंटीन से भोजन व नाश्ता दिया जाता है। इसकी गुणवत्ता चेक करने के लिए खाद्य सुरक्षाधिकारी अजय कुमार सोनी ने 13 अप्रैल 2016 को कैंटीन से दाल का नमूना लिया था। इसे जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला मेरठ भेजा गया।
वहां से आई रिपोर्ट में यह अनसेफ मिला है। दाल में जीवित व मरे हुए कीड़े मकोड़े मिले है। जिस पर कैंटीन संचालक को नोटिस जारी कर एक माह का समय दिया जाएगा। इस दौरान वह सेंट्रल लैब से जांच कराने का आवेदन कर सकता है।
अगर आवेदन नहीं करता है तो उसके खिलाफ आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की अनुमति से वाद दायर कराया जाएगा। खास बात यह है अब भी कैंटीन चल रही है। छापामारी के समय कैंटीन का खाद्य सुरक्षा विभाग से पंजीकरण नहीं था।