सीतापुर। दीपावली त्योहार को देखते हुए परिवहन निगम ने सभी बसों के फेरों को बढ़ाने का निर्णय लिया है। आवश्यकता के अनुसार फेरों को बढ़ाए जाएगा ताकि यात्रियों को आसानी हो सके। छोटे रूटों से लगाकर लंबे रूटों तक हर रूट की बसों की समय सीमा को भी कम किया जा रहा है। जैसे ही बसों में यात्री सवार हो जाएंगे, उन्हें रवाना कर दिया जाएगा।
दिवाली और भाईदूज के मद्देनजर विभाग ने अपनी तैयारी कर ली है। काम के सिलसिले में मुरादाबाद, दिल्ली जैसे स्थानों से भारी मात्रा में लोग जिले में आएंगे। भाईदूज को बहनें अपने भाइयों के घरों को जाएंगी। ऐसे में मुसाफिरों को परेशानी से बचाने के लिए परिवहन निगम ने कमर कस ली है। विभाग ने सभी बसों के फेरों को बढ़ा दिया है। इनकी समय सीमा को भी कम कर दिया है। ताकि सवारियां भरने के बाद बसें न रुकें। वह जल्द से जल्द यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचा सकें।
दिल्ली रूट पर 20 बसें चलाई जा रहीं हैं। जिनके फेरों को बढ़ा दिया गया है। पहले जो बस दिन में दो फेरे लगाती थी, वह अब तीन से चार तक फेरे लगाएंगी। इसके साथ ही सीतापुर-कौशाम्बी-लखनऊ की दो बसों का भी रूट बढ़ाया गया है। इसी तरह से लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर, शाहजहांपुर को भी जाने वाली बसों में आवश्यकता अनुसार फेरों में इजाफा किया गया है। एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि फेरों को बढ़ाया गया है। इसके साथ ही वर्कशॉप में भी बसों की सर्विस पर जोर दिया जा रहा है। ताकि रास्ते में कोई समस्या न हो।