शहर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने पति से अनबन के बाद आत्मदाह कर लिया। वहीं परिवार के मुताबिक महिला मानसिक रूप से बीमार थी। शहर कोतवाली क्षेत्र के मंसूरपुर निवासी संतोष कुमार की पत्नी छोटी देवी (36) की घर के कामकाज को लेकर पति से कहासुनी हो गई।
फटकार लगाने के बाद पति बड़बड़ाता हुआ घर से बाहर चला गया। उसके घर से जाते ही छोटी केरोसिन लेकर छत पर पहुंच गई। वहां उसने खुद पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा ली। महिला छत पर थी इस वजह से परिवार के सदस्य उसे बचाने का प्रयास करने के बावजूद करीब नहीं पहुंच सके।
जब महिला निढाल होकर गिरी, तब परिवार के सदस्यों ने लपटों पर काबू पाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इधर परिवार के सदस्यों ने बताया कि महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं थी, जिसकी वजह से ऐसी घटना को अंजाम दे बैठी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।