सिधौली/ सीतापुर। कस्बे की गलियों चौराहों व राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुलेआम अवैध गैस रीफिलिंग का कारोबार हो रहा है। कोई चार पहिया वाहन तो कोई छोटे गैस सिलेंडरों में रीफिलिंग कर रहा है। इसकी वजह से कई बार लोग चोटिल हो चुके है। फिर भी लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे है। इसकी तस्दीक ऊपर दिए गए केस कर रहे है। अफसरों की गैर जिम्मेदार लापरवाही से सिधौली में यह कारोबार खूब फल फूल रहा है।
सिधौली कस्बे में अवैध तरीके से गैस रीफिलिंग करने वाले कारोबारी आमजन के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। सिधौली में गैस रीफिलिंग के चलते कई हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी कस्बे में गैस सिलेंडरों का अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है। घरेलू गैस सिलेंडर से छोटे गैस सिलेंडर में गैस रीफिलिंग की जा रही है।
कस्बे के उमेश शुक्ला, अनिल मिश्रा, आदित्य त्रिपाठी, सौरभ सिंह सहित अन्य लोगों का कहना है कि कस्बे में महमूदाबाद चौराहा, बिसवां चौराहा, तहसील तिराहा, एनएच 24 सहित कस्बे में दो दर्जन से अधिक दुकानों पर खुलेआम रीफिलिंग की जा रही है। दुकानों पर रसोई गैस के सिलेंडर से दो से लेकर पांच लीटर तक के सिलेंडरों में गैस भरी जा रही है।
यह काम गैस चूल्हे सुधारने की आड़ में या टीवी पार्ट मैकेनिकों की दुकानों पर अधिक हो रहा है। इसके बाद भी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।
करीब तीन माह पूर्व तहसील तिराहे पर रीफिलिंग करते समय एक हादसा हुआ था। जिसमें दुकानदार हादसे की जद में आकर जख्मी हो गया था। जिसके हाथ का इलाज आज भी चल रहा था। फिर भी जिम्मेदार अफसर इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे है।
करीब पांच माह पहले महमूदाबाद चौराहे पर कार में घरेलू गैस से रीफिलिंग करते समय अचानक हादसा हुआ था। जिसमें कार हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि किसी को चोट नहीं आई थी। फिर भी यहां पर काम चल रहा है।
सिधौली इलाके के मोहल्ला नरोत्तम नगर में एक वर्ष पूर्व गैराज में रीफिलिंग करते समय हुए हादसे में जहां रीफिलिंग करने वाला घायल हुआ था। वहीं दो वैन के परखच्चे उड़ गए थे। इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी यह धंधा मंद नहीं पड़ा है।