सीतापुर। दिवाली पर जिला अस्पताल ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। बर्न वार्ड में 10 बेड रिजर्व किए गए हैं। इस वार्ड में एक सर्जन, एक फिजीशियन, एक हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती कर दी गई है। ये तीन शिफ्टों में 24 घंटे तैयार रहेंगे। इन चिकित्सकों की ड्यूटी शनिवार से सोमवार तक रहेगी।
रविवार को दिवाली है। इस दिन होने वाली किसी भी दुर्घटना से निपटने के लिए जिला अस्पताल तैयार हो गया है। बर्न यूनिट 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। आठ-आठ घंटे में सर्जन, फिजीशियन व हड्डी रोग विशेषज्ञ ड्यूटी करेंगे। साथ ही इमरजेंसी में तीन ईएमओ तैनात किए गए हैं। सीएमओ ने दो चिकित्सकों को जिला अस्पताल में तैनात कर दिया है।
24 घंटे खुली रहेगी सीएचसी
शहर सहित ग्रामीण इलाकों में भी सुविधाएं बेहतर रहेंगी। सीएमओ ने सभी सीएचसी को 24 घंटे खुला रखने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि सीएचसी में इमरजेंसी खुली रहेगी। सभी सीएचसी में पटाखा व आग से झुलसे मरीजों का इलाज होगा। सीएचसी पर दवा उपलब्ध करा दी गई है। हर सीएचसी पर एक एंबुलेंस हर समय तैयार रहेगी।
बना लिया है रोस्टर
जिला अस्पताल में तीन दिन के लिए रोस्टर बना लिया गया है। इसी रोस्टर के अनुसार चिकित्सक अपनी ड्यूटी करेंगे। दवाओं का पर्याप्त स्टॉक है। इमरजेंसी में जांच की सुविधाएं उपलब्ध रहेगी।
डॉ. आरके सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल