बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में पाड़ खोलते समय छज्जा व दीवार गिरने से मलबे में दबकर गृहस्वामी दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे बिसवां सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। मगर रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक होमगार्ड था। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बिसवां कोतवाली इलाके के सरैयां मिर्जापुर गांव निवासी समर बहादुर (50) पुत्र गिरधारी लाल होमगार्ड था। उसके मकान में हाल ही में दीवार व छज्जे का निर्माण हुआ था। शनिवार को वह छज्जे की पाड़ खोल रहा था। इसी बीच अचानक दीवार मय छज्जे के ढह गई। इससे समर बहादुर उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिवार के लोग तत्काल उसे बिसवां सीएचसी ले गए।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख समर बहादुर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार के लोग समर बहादुर को लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस व होमगार्ड विभाग को दी गई है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।