तीसरे चरण में मतदान की तारीख नजदीक आते ही सरकारी मशीनरी तेज हो गई है। आवंटित कार्यों में फुर्ती दिखाते हुए अफसर मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप में देने में जुटे हैं। कोई ईवीएम में प्रत्याशियों के लिस्ट को दुरुस्त कर उसे सील करने में मशगूल दिखा तो कोई बूथों को।
यही नहीं अफसर बूथों पर लगाए गए कार्मिकों को चुनावी ट्रेनिंग देने की तैयारियों में दिखे। मिलिट्री ग्रास फॉर्म से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की तैयारियां भी चल रही थीं। बूथों पर सीसीटीवी कैमरे भी लैस किए जा रहे थे।
सीतापुर जनपद की नौ विधानसभा सीटों पर 19 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए यहां की नौ विधानसभा हलकों में 2355 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जबकि इन केंद्रों के 3167 बूथों पर वोटिंग प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
मतदान की तिथि नजदीक आते ही पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी में तेजी आ गई है। चुनाव को पारदर्शी कराने के लिए आयोग से नियुक्त प्रेक्षक भी यहां पर डेरा डालेे हुए हैं। यहां के 130 अतिसंवेदनशील बूथों पर कैमरे लगेंगे, जो पूरे मतदान की गतिविधि को कैद करेंगे।
जबकि अन्य बूथों की वीडियोग्राफी होगी। वहीं 338 क्रिटिकल बूथों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की निगरानी में मतदान होगा। ताकि एक प्रत्याशी के पक्ष में होने वाले मतदान पर नजर रखी जा सके। एडीएम आरके तिवारी का कहना है कि चुनाव में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहेंगे। बाहरी जिलों की फोर्स भी चुनाव में लगेगी।