सीतापुर। बेहटा के सोनसरी गांव में हेपेटाइटिस के 141 मरीज मिलने के बाद उनका इलाज शुरू हो गया है। हेपेटाइटिस बी से पीड़ित 13 मरीजों को दवा देने से पहले दो बार उनके लिवर की जांच करवाई जाएगी। जांच में लिवर की स्थिति के आंकलन के आधार पर ही इलाज के लिए दवा दी जाएगी। पहले चरण में छह मरीजों ने जिला अस्पताल में एलएफटी (लिवर फंक्शन टेस्ट) की जांच करवाई है।
गांव में 10 दिन पहले 78 मरीजों की केजीएमयू लखनऊ में हुई वायरल लोड की जांच रिपोर्ट में 35 मरीज हेपेटाइटिस सी व 13 मरीज हेपेटाइटिस बी से संक्रमित मिले थे। सी के मरीजों को सीएचसी बेहटा के माध्यम से दवाईयां देना शुरू करवा दिया गया है। चिकित्सकों को जिला अस्पताल में डॉ. स्वस्ति बाजपेयी ने ट्रेनिंग दी है।
अब हेपेटाइटिस बी के 13 मरीजों के इलाज की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला अस्पताल में शुक्रवार को छह मरीज लिवर की जांच करवाने के लिए पहुंचे। डॉ. स्वस्ति बाजपेयी ने बताया कि इन मरीजों को दवा देने से पहले दो बार उनके लिवर की जांच करवाई जाएगी। पहली जांच के 15 दिन बाद दोबारा जांच होगी।