सीतापुर। जहांगीराबाद में हेपेटाइटिस के 114 मरीज मिलने के बाद अब जांच की व्यवस्था बदल दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब जांच करने के लिए गांव में नहीं जाएंगी। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर व पीएचसी जहांगीराबाद में जांच होगी। साथ ही हेपेटाइटिस को रूटीन जांच में शामिल कर दिया गया है। इसके लिए दोनों केंद्रों पर 500-500 जांच किट भेजी गई हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि अब यदि किसी मरीज के रक्त का नमूना लिया जाएगा तो हेपेटाइटिस की जांच जरूर कराई जाएगी। सीएमओ ने प्रत्येक मरीज की हेपेटाइटिस जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. दीपेंद्र वर्मा ने बताया कि मरीजों की शनिवार से जांच शुरू हो गई है।
जन आरोग्य मेले में भी होगी जांच
प्रत्येक रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जन आरोग्य मेले का आयोजन होता है। इसमें अब हेपेटाइटिस की भी जांच होगी। प्राथमिक जांच किट से होगी। इसमें मरीज अगर पॉजिटिव आते हैं तो पुष्टि के लिए जिला अस्पताल से आरटीपीसीआर की जांच कराई जाएगी। इसके बाद इलाज शुरू कराया जाएगा।