सीतापुर। जिले के पशुपालकों को मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना का लाभ दिलाने की कवायद तेज की जा रही है। इस योजना के तहत पशुपालकों को अनुदान दिया जा रहा है। डेयरी व्यवसाय स्थापित करने के लिए नंद बाबा दुग्ध मिशन भी शुरू किया गया है।
नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत किसानों, पशुपालकों और डेयरी उद्यमियों को अनुदान मिलेगा। यह अनुदान डेयरी व्यवसाय स्थापित करने व विस्तार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में 31.25 लाख रुपये तक का अनुदान मिलता है। मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना में 11.80 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाता है। सीएम स्वदेशी गो संवर्धन योजना के लाभार्थियों को 80 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना में 10 से 15 हजार रुपये तक का अनुदान मिल सकता है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एमपी सिंह चंदेल ने यह जानकारी दी।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए nandbababadugdhmission.up.gov.in पोर्टल पर आवेदन की व्यवस्था है। पोर्टल पर पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।