सीतापुर। गर्मी के तेवर धीरे-धीरे तल्ख होने लगे हैं। पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा है। बढ़ते तापमान के कारण गर्मी ने मार्च की शुरुआत में ही पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। तपिश के कारण बीते पांच सालों में 8 मार्च अब तक का सबसे ज्यादा गर्म दिन बन गया। तेज धूप से रविवार को अधिकतम पारा 33 डिग्री तक पहुंच गया।
शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री था। पारे में हुई इस बढ़ोतरी से दोपहर के समय तपिश ने मार्च में ही मई-जून सरीखी गर्मी का अहसास करा दिया। गर्मी के तल्ख तेवरों से दिन में लोग परेशान नजर आए। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। सूरज की तीखी किरणों ने रविवार सुबह से ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया।
दिन चढ़ने के साथ तीखी होती धूप ने परेशान किया। दोपहर में तेज धूप के कारण लोगों ने घरों के अंदर रहने में ही भलाई समझी। पंखे चलाने के बाद भी दोपहर में गर्मी महसूस हुई। जरूरी काम से बाहर निकले राहगीर छांव तलाशते दिखाई दिए। गला सूखने लगा तो पानी और कोई शीतल पेय पदार्थों का सेवन करता दिखा।
रविवार को तेज धूप व गर्म हवाओं के चलने से अधिकतम पारा 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले चार साल में 8 मार्च को अब तक के सबसे गर्म दिन के रूप में दर्ज हुआ। संभावना जताई जा रही है कि इस सप्ताह पारा 36 से 37 डिग्री तक जा सकता है। मार्च के अंतिम अथवा अप्रैल के पहले सप्ताह तक पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
ऐसे बढ़ा तापमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
8 मार्च 33 19
7 मार्च 32 19
6 मार्च 32 18
5 मार्च 31 18
पांच साल में 8 मार्च का तापमान
साल अधिकतम न्यूनतम
8 मार्च 2026 33 19
8 मार्च 2025 30 11.50
8 मार्च 2024 27 08.50
8 मार्च 2023 31.20 16.50
8 मार्च 2022 30.7 14.7