सीतापुर। गर्मी अब तेवर दिखाने लगी है। सोमवार को उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोपहर के समय पंखे की हवा भी बेअसर रही। अधिकतम 39 तो न्यूनतम पारा 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पुरवा हवा के चलते मौसम में नमी आई है। वातावरण में आर्द्रता का प्रतिशत बढ़ गया है, जिससे उमस बढ़ी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी का प्रकोप आने वाले दिनों में बढ़ने के आसार हैं।
अप्रैल के दूसरे सप्ताह में ही मई-जून सरीखी गर्मी का अहसास हो रहा है। सोमवार को आंखें तरेरते सूरज व धूल भरी हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया। तपिश व धूल से बचने को लोग चेहरे पर कपड़ा लपेटकर बाहर निकले। अब तक तपिश परेशान कर रही थी, अब उमस ने भी तल्ख तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान में एक जबकि न्यूनतम में पांच डिग्री की उछाल दर्ज की गई।