परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो रही हैं। दो पालियों में होने वाले एग्जाम में करीब 4200 स्कूलों के छह लाख नौनिहाल शामिल होंगे। परीक्षा के प्रश्नपत्र बीआरसी से मिलेंगे। जबकि उत्तर पुस्तिकाओं का इंतजाम प्रधानाध्यापक करेंगे। बीएसए ने सभी बीईओ को सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के मुताबिक परीक्षा 20 से 25 अक्तूबर के मध्य अर्द्धवार्षिक परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9.30 से 11.30 व दूसरी पाली 12.30 से 2.30 के बीच होगी। प्रधानाध्यापक रोजाना परीक्षा के दिन संकुल से प्रश्नपत्र प्राप्त करेंगे। परीक्षा से आधा घंटा पहले ही प्रश्नपत्र खोले जाएंगे।
प्रश्नपत्र खोलते समय एसएमसी का एक सदस्य मौजूद रहेगा। परीक्षा सीटिंग प्लान की मुताबिक होगी और शिक्षकों की कक्षवार ड्यूटी लगाई गई है। बीएसए ने सभी शिक्षकों को परीक्षा से आधा घंटा पहले पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
विद्यालय स्तर पर होगी परीक्षा
कक्षा एक की परीक्षाएं मौखिक होंगी। कक्षा 3, 4 व 5 में कला, शारीरिक शिक्षा/ व्यायाम, नैतिक शिक्षा, पर्यावरणीय अध्ययन की परीक्षा विद्यालय अपने स्तर से संपन्न कराएंगे। इसी प्रकार 6,7 व 8 की कला विषय की परीक्षा विद्यालय अपने स्तर से संपन्न होगी।
बिना किताबों के देंगे एग्जाम
विभाग का कहना है शैक्षिक सत्र 2016-17 में छह लाख नौनिहालों के लिए 39 लाख पुस्तकों की आवश्यकता है। इसके सापेक्ष 27 लाख किताबों की आपूर्ति हुई है। इनका वितरण किया जा चुका है। जबकि 30 प्रतिशत किताबें आनी है। ऐसे में नौनिहाल बिना किताबी ज्ञान लिए ही एग्जाम देंगे। यह किताबें कब आएगी। इसकी भी पता नहीं है। जिला पाठ्य पुस्तक प्रभारी सत्येंद्र मिश्रा ने बताया पुस्तक आपूर्तिकर्ता एजेंसी को नोटिस जारी किया जा चुका है। वर्कबुक आनी शेष है। नौनिहाल पुरानी किताबों के सहारे पढ़ रहे हैं।