खैराबाद (सीतापुर)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में बृहस्पतिवार को जनपद स्तरीय एक दिवसीय हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव कार्यक्रम हुआ। इसमें सभी 19 ब्लॉक व नगर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 100 लोगों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने शिक्षकों से कहा कि आप लोग बहुत मेहनत से कार्य करते हैं और स्वयं में ही सम्मानित हैं लेकिन उत्साहवर्धन के लिए सम्मान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की समस्याओं को प्रथम वरीयता में हल करना हमारा संकल्प है।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण समग्र शिक्षा आर्य कुमार दीक्षित ने सभी का आभार जताया। प्रत्येक ब्लॉक से पांच-पांच प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें एक नोडल शिक्षक, एक नोडल संकुल शिक्षक, एक आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व एक ईसीसीई एजुकेटर शामिल रहे। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया।