नैमिषारण्य। ललिता देवी मंदिर से चक्रतीर्थ मार्ग पर बृहस्पतिवार भोर तीन अस्थायी दुकानें आग लगने से जल गईं। इन दुकानों में रखा लाखों रुपये कीमत का सामान जल गया। नैमिषारण्य निवासी सरोज चक्रतीर्थ मार्ग पर लकड़ी की गुमटी में परचून की दुकान चलाते हैं। वहीं पर कौशल चूड़ी-कंगन व अतीश सैनी बर्तन की दुकान का संचालन करते हैं। दुकानदारों के अनुसार दुकानों में पूजन सामग्री, रेडीमेड सामान, चूड़ी-कंगन, बर्तन और रोजमर्रा का माल भरा हुआ था। बृहस्पतिवार भोर एकाएक तीनों दुकानों में आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय लोगों के प्रयास के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। मगर तब तक तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पीड़ितों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग की है। उनका कहना है कि लाखों का नुकसान हो चुका है। अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।