फोटो-45 सीतापुर के महमूदाबाद में भगवान महावीर जलाभिषेक करते श्रद्घालु। -संवाद
- फोटो : SITAPUR
महमूदाबाद (सीतापुर) जैन समाज द्वारा महावीर उद्यान में श्री आदिनाथ जिनबिंब पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शुक्रवार को भगवान के जन्म कल्याणक की क्रिया संपन्न कराई गई। भगवान का जन्म होते ही पूरे पांडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने एक साथ जयकारे लगाए, पंडाल में जयकारे गूंजते रहे। इसके बाद भगवान को रथ पर विराजमान कर कस्बे में रथयात्रा निकाली गई। ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई।
महावीर उद्यान में दिगंबर जैन संत राष्ट्रगौरव श्रमणाचार्य विमर्श सागर महामुनिराज के सानिध्य में पंच कल्याणक महोत्सव के तीसरे दिन श्रीजी की नित नियम पूजन, अभिषेक व शांतिधारा संपन्न हुई। जन्म कल्याणक विधान में जन्मोत्सव की विधि-विधान से पूजा की गई। भगवान के जन्म होते इंद्र-इंद्राणी और कुबेर रत्नों की वर्षा के साथ पुष्प वर्षा शुरू हो गई। पूरे पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रीजी के जोरदार जयकारे लगाए।
भगवान को रथ पर विराजमान कर भव्य शोभायात्रा शहर में निकाली गई। जिसमें सौधर्म इन्द्र अक्षय जैन-संध्या जैन ने भगवान को लेकर चलने का सौभाग्य प्राप्त किया। पंच कल्याणक महोत्सव के पात्र बग्घी पर सवार होकर जुलूस में शामिल हुए। सभी श्रद्धालु भगवान की जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा महावीर उद्यान से शुरू होकर रामकुण्ड चौराहा, कोतवाली मार्ग, बस स्टॉप, बजाजा बाजार होकर पुन: कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। श्रीजी को पाण्डुक शिला पर विराजमान कर श्रद्धालुओं ने अभिषेक किया। कार्यक्रम में फतेहपुर, बहराइच, बाराबंकी, जतारा, एटा आदि स्थलों से भी श्रद्धालु शामिल हुए।