लहरपुर (सीतापुर)। तहसील के सरकारी आवास में एक युवती का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकता पाया गया। मृतका की मां तहसील में कार्यरत है। हादसे के बाद सनसनी फैल गई। स्थानीय तहसील राजेश्वरी देवी पत्नी स्व. सरजी प्रसाद चेनमैन के पद पर कार्यरत है। इसकी सबसे छोटी पुत्री सौम्या चौधरी (22) सोमवार रात कमरे में सोने गई थी।
सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने आवाज लगाई, दरवाजा पीटा लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी ओपी राय के मुताबिक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़ा गया तो अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे उसका शव लटकता मिला। शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन घटना का कारण बता पाने में असमर्थ हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।