बेहटा। तंबौर के सहिंजर कला निवासी साबिया (12) रविवार को खेत गई थीं। इस दौरान बालिका को सांप ने डस लिया। परिजनों ने साबिया को सीएचसी तंबौर में भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहां इलाज के दौरान बुधवार देर रात साबिया ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बृहस्पतिवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों के अनुसार साबिया के पिता शकील ने भले ही मुस्लिम बिरादरी में जन्म लिया था, परंतु उनकी आस्था हिंदू धर्म में है।
यही गुण साबिया के अंदर भी थे। पिता-पुत्री कांवड़ लेकर भी जाते थे। भजन कीर्तन करना और गोला गोकर्णनाथ मंदिर जाना उनकी आदत में था। साबिया नवरात्र में उपवास रखने के साथ मंदिरों में प्रसाद भी चढ़ाती थी।