संदना। गन्ना मूल्य बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को किसानों ने रामगढ़ चीनी मिल का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। चीनी मिल के पास धरना प्रदर्शन करने पहुंचे किसान संगठनों ने गन्ना खरीद मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने सहित अन्य मांगों के समर्थन में अनिश्चतकालीन धरना प्रदर्शन का ऐलान किया। मिल प्रबंधन से बातचीत बेनतीजा रहने के बाद किसानों ने मांगे पूरी होने तक तक प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है।
भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिला प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारी किसान गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने, दो बीघा पर एक ट्राली मैली देने समेत 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलित हैं। संगठन ने मिल में गन्ना खरीद से लेकर प्रेसमड वितरण तक अनियमितताओं का आरोप लगाया है। मिल अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से किसानों का शोषण करने, बाहरी ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने और मजदूरों का उत्पीड़न करने का मुद्दा भी उठाया गया है। भारतीय किसान संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजय पाल ने बताया कि किसानों के खेतों में हाईटेंशन विद्युत लाइन के पोल लगाए जाने से हादसों का खतरा बना रहता है।
उन्होंने मिल से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों से प्रदूषण और राख-बगास से किसानों को होने वाली परेशानी का समाधान कराने, मिल के लिए जमीन देने वाले परिवारों को रोजगार, कर्मचारियों की पद और वेतनमान सहित सूची सार्वजनिक करने, डिस्टिलरी में स्थानीय किसानों को प्राथमिकता देने तथा डालमिया भारत फाउंडेशन के विकास कार्यों की जांच कराने की मांग भी उठाई। मिश्रिख तहसीलदार व रामगढ़ चीनी मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक गन्ना यूके पाठक ने किसान संगठनों के पदाधिकारियों से वार्ता की। हालांकि, वार्ता के दौरान किसी भी मांग का समाधान नहीं निकल सका।