इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। एक सप्ताह पूर्व बाजार गई एक किशोरी संग पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने पर मामला संज्ञान में आया। पीड़िता ने थाने पहुंचकर पांच लोग खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 साल की किशोरी ने सोमवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। उसका कहना है कि सात सितंबर को वह बाजार गई थी। जहां रास्ते में पांच लोगों ने उसे पकड़ लिया और खींचकर गन्ने के खेत में ले गए। जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बना लिया। सूत्र बताते हैं कि आरोपियों ने किशोरी को कहीं शिकायत करने पर वीडियो वायरल कर देने की धमकी दी। जिसके बाद पीड़िता सहम गई। वह घटना के दूसरे दिन अपने रिश्तेदार के यहां चली गई। इस बीच आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया।
मामला प्रकाश में आने के बाद पीड़िता रविवार को इमलिया सुल्तानपुर थाने पहुंची। उसने इस मामले में हाजीपुर गांव निवासी शिबू व नाजिम को नामजद करते हुए तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही एसपी आरपी सिंह कई थानों की पुलिस व पीएसी को लेकर इमलिया थाने पहुंचे। आनन-फानन में मुकदमा दर्ज किया गया। एसओ इमलिया सुल्तानपुर ने बताया कि मामले में दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एक नामजद आरोपी शिबू को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
एसपी ने कई थानों की पुलिस को खुलासे के लिए लगाया है। एसपी ने एएसपी, सीओ के अलावा खैराबाद, रामकोट, बिसवां, मानपुर, महोली, हरगांव आदि थानों की पुलिस को लगा दिया है। क्राइम ब्रांच भी लगी हुई है। जानकार बताते हैं कि पीड़िता की भाभी की मौत हो गई थी। जिसके मामले में उसके भाई के ससुराल वालों ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। सूत्र बताते हैं कि पीड़िता का भाई व पिता दहेज हत्या के मामले में जेल में बंद हैं।
पुलिस की मानें पीड़िता ने जिन तीन अज्ञात युवकों को नामजद किया है, उसमें चंद घंटों की जांच में एक युवक की और पहचान करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि किशोरी को मौके पर ले जाने वाले उसके परिचित कौशल को मामले में नामजद किया जा रहा है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी आरपी सिंह ने बताया कि कौशल नाम के युवक के संपर्क में पीड़िता काफी पहले से थी। जांच में सामने आया कि वहीं उसे बाइक से लेकर घटनास्थल पर गया था।