सीतापुर। प्रधान के एक पद सहित पंचायत के रिक्त 7320 पदों पर उप चुनाव के लिए सभी ब्लाक मुख्यालयों पर नामांकन पत्र दाखिल किए गए। महमूदाबाद ब्लाक की ग्राम पंचायत कलुवापुर के प्रधान पद पर चार उम्मीदवारों ने एआरओ के समक्ष नामांकन किया। अधिकांश सदस्य ग्राम पंचायतों के वार्डों के लिए एक ही नामांकन दाखिल किया गया है। बीडीसी के दो पदों पर आठ नामांकन किए गए हैं। इससे इनका निर्विरोध जीतना तय है। दाखिल नामांकनों की जांच की जा रही है। सोमवार को उम्मीदवारी वापस ली जा सकती है। इसके बाद प्रतीक आवंटित किए जाएंगे।
महमूदाबाद संवाद के अनुसार ग्राम पंचायत कलुवापुर के रिक्त प्रधान पद के लिए चार नामांकन दाखिल किए गए हैं। 44 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त 415 सदस्यों के लिए 465 नामांकन पत्र जमा किए गए हैं। आरओ आरके यादव ने बताया कि प्रधान पद के उपचुनाव के लिए घुरू, शान्ति देवी, अक्षय कुमार, मनोज कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
कमलापुर संवाद के अनुसार ब्लाक कसमंडा की 63 ग्राम पंचायतों में 293 पंचायत सदस्यों का चुनाव होना है। निर्वाचन अधिकारी जिला कृषि अधिकारी अखिलानंद पांडे ने बताया कि सदस्य ग्राम पंचायत 253 पदों पर एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया है। इससे इनका निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। 37 वार्डों में एक से अधिक नामांकन पत्र जमा हुए हैं।
तीन सीटों पर नामांकन पत्र जमा नहीं हुआ है। संदना संवाद के अनुसार ब्लाक गोंदलामऊ के बीडीसी वार्ड 19 उत्तरधौना अनारक्षित पद के लिए तीन नामांकन एआरओ के समक्ष दाखिल किए गए। बिसवां संवाद के अनुसार बीडीसी वार्ड 119 मोचकलां प्रथम पांच उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। इस पद पर खुशीराम, राकेश कुमार, बिहारी लाल, मालती, कमलेश कुमारी ने नामांकन किया। सदस्य ग्राम पंचायत के 445 पदों के सापेक्ष 426 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। 362 वार्डों में एक-एक नामांकन, 64 वार्डों में दो या इससे अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
19 वार्डों पर किसी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। तंबौर संवाद के अनुसार ब्लाक बेहटा के आरओ प्रमोद कुमार ने बताया कि 327 पदों पर नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें अलग-अलग ग्राम पंचायतों के 56 पदों पर चुनाव कराए जाने हैं। उन पर दो या इससे अधिक नामांकन पत्र जमा हुए हैं। शेष 271 पदों पर एक ही नामांकन पत्र जमा होने से चुनाव नहीं कराने पड़ेंगे।
सिधौली में रिक्त रह गए 21 पद
सिधौली संवाद के अनुसार सदस्यों के रिक्त 429 पदों के सापेक्ष 408 पदों पर 443 नामांकन जमा किए गए। 373 पर एक-एक नामांकन किया गया है। 35 पदों पर दो-दो नामांकन हुए हैं। 21 पद रिक्त रह गए हैं। इन पर किसी ने भी नामांकन नहीं किया है। पिसांवा संवाद के अनुसार रिक्त सदस्य पद के लिए 553 नामांकन दाखिल किए गए। 49 पदों पर दो-दो नामांकन किए गए। महोली संवाद के अनुसार, आरओ अमरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि सदस्य के 319 वार्डों के लिए 349 नामांकन प्राप्त हुए हैं।
291 पर एक-एक एवं 27 वार्डों में दो-दो नामांकन दाखिल हुए है। लहरपुर संवाद के अनुसार 302 नामांकन सदस्य के लिए दाखिल किए गए हैं। सांडा संवाद के अनुसार, 482 नामांकन किए गए। मछरेहटा संवाद के अनुसार सदस्य के रिक्त पदों पर 302 नामांकन किए गए। मिश्रिख संवाद के अनुसार 223 वार्डों के लिए 271 पर्चे भरे गए हैं। 31 पदों पर चुनाव की संभावना है।