रेउसा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया।
रेउसा थाना क्षेत्र के गांव धमधमपुर निवासी जनार्दन (18) अपनी मां माया देवी (45), भांजे कार्तिक (5) व भतीजे ध्रुव (5) के साथ एक ही बाइक से थाना क्षेत्र के रेउसा-महमूदाबाद मार्ग स्थित चंदौली गांव गए हुए थे। वहां से वापस लौटते समय तंबौर की ओर से रेउसा जा रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने रेउसा-तंबौर मार्ग पर एक ईंट भट्ठे के पास सामने से जोरदार टक्कर दे मार दी।
हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रेउसा में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए चारों लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ रेउसा ओपी तिवारी ने बताया कि हादसे के बारे में उनको जानकारी नहीं है।