महोली कोतवाली इलाके के उरदौली के पास खड़े एक ट्रक से कार सवार कुछ युवक डीजल चोरी कर रहे थे। आहट पाकर जब ट्रक चालक बलविंदर सिंह जागा तो डीजल चोरी कर रहे लोग कार से भाग निकले। कुछ देर बाद जब ट्रक चालक वाहन लेकर चला और क्षेत्र के कार्टरगंज के पास पहुंचा तो लक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास वही गाड़ी खड़ी नजर आई। इसके बाद ट्रक चालक ने अपने अन्य चालक साथियों को बुला लिया और कार सवार लोगों को दबोच लिया। पिटाई करने के बाद पेट्रोल पंप संचालक के जरिए पुलिस को सूचना दी। खबर पर पहुंची पुलिस पकड़े गए लोगों को थाने ले आई। पुलिस के अनुसार शाहजहांपुर के रामचंद्र मिशन सहजापुर क्षेत्र के सरायं कोईया निवासी चंदन शुक्ला, गोलू व नीरज, इसी जिले के सिधौली क्षेत्र के भटपुरवा निवासी अमित सिंह पकड़े गए हैं। घटना के बाद इनके अन्य साथी भागने में सफल रहे। यह लोग पेट्रोल पंपों से डीजल व पेट्रोल भरा कर बिना पैसे दिए भाग जाया करते थे। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।-