सिधौली (सीतापुर)। बाइक से जा रहे पूर्व मंत्री के पौत्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा बाइक के बेकाबू होकर डिवाइडर में टकराने से हुआ है। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिधौली इलाके के मोहल्ला प्रेम नगर निवासी पूर्व मंत्री श्यामलाल रावत के बेटे राजेश रावत का पुत्र अखिलेन्द्र रावत (24) उर्फ लकी रविवार देर रात बाइक से कहीं जा रहा था।
इस बीच सिधौली इलाके में अहमदपुर जट गांव के सामने बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है।