झरेखापुर(सीतापुर)। परसेंडी के रिखौना ग्राम पंचायत के मजरा हरिबसपुर गांव में जंगली जानवर के पगचिह्न दिखने से हड़कंप मच गया। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पगचिह्नों के आधार पर सियार होने की बात कही। वहीं ग्रामीण तेंदुआ बता रहे हैं।
गांव में पूरब के खेतों की तरफ रविवार को खेत गए ग्रामीणों नेे जंगली जानवर के पगचिह्न देखे। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण छोटे, अरुण, सुंदर लाल ने बताया कि कई जगहों पर पगचिह्न बने हुए हैं।
वन विभाग के बीट प्रभारी राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। डिप्टी रेंजर मुशीर अहमद ने बताया कि पगचिह्नों की जांच में पता चला है कि ये किसी हिंसक जानवर के नहीं हैं। पगचिह्न किसी बड़े सियार के प्रतीत हो रहे हैं। फिर भी ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।